अंब (ऊना)। चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने अपने और अपने परिवार के खिलाफ की जा रही बयानबाजी को लेकर भाजपा के पूर्व विधायक और टिकट के दावेदारों पर तीखा हमला बोला है। बुधवार को अंब में आयोजित एक प्रेस वार्ता में विधायक ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा खेमे में टिकट की दावेदारी को लेकर खींचतान चरम पर पहुंच चुकी है। इसी बौखलाहट और हताशा के चलते विरोधी नेता राजनीतिक मर्यादाओं को लांघकर उनके परिवार पर व्यक्तिगत टिप्पणियां करने पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि चिंतपूर्णी भाजपा में इस समय एक दर्जन से अधिक टिकट के दावेदार सक्रिय हैं और उनमें एक-दूसरे को नीचा दिखाने की होड़ मची है। हालत यह हो चुकी है कि भाजपा नेताओं के आपसी झगड़े थानों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के इस बिखराव का प्रमाण यह है कि क्षेत्र में नगर पंचायत और बीडीसी के चेयरमैन तथा वाइस चेयरमैन कांग्रेस समर्थित हैं, जबकि रोजाना कई भाजपा कार्यकर्ता अपनी पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं। भाजपा नेताओं की बयानबाजी केवल उनकी अंदरूनी खींचतान और राजनीतिक असुरक्षा को दर्शाती है। विधायक ने कहा कि उन्होंने स्वयं मेहनत-मजदूरी करके यह मुकाम हासिल किया है। किसी के संघर्ष और आर्थिक स्थिति का उपहास उड़ाना बेहद अशोभनीय है। उन्होंने विपक्षी नेताओं को नसीहत दी कि वे निजी आक्षेप लगाने के बजाय जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर बात करें।