दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय, दौलतपुर चौक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीबीए एवं बीसीए पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 4 मई से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 13 जून तक अपना पंजीकरण कर सकते हैं। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार बीबीए और बीसीए, दोनों पाठ्यक्रमों में 80-80 सीटें निर्धारित की गई हैं। सीटों की सीमित संख्या को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है ताकि वे प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकें। पंजीकरण के लिए अभ्यर्थी महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.gcdaulatpurchowk.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, प्रवेश से संबंधित किसी भी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए विद्यार्थी कार्य दिवसों में कॉलेज परिसर में पहुंचकर मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन सुनिश्चित करने की अपील की है ताकि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठा सकें। यह जानकारी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने दी।