गगरेट (ऊना)। सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के नाम से जिले में पहली बार आयोजित किए जा रहे जिला स्तरीय मां चिंतपूर्णी महोत्सव के निमंत्रण-पत्र में सत्तारूढ़ दल के दो विधायकों के नाम न छापने की गलती का जिला प्रशासन को एहसास हो गया है।
जिला स्तरीय मां चिंतपूर्णी महोत्सव के शुरू होने के बाद अब इसके समापन का निमंत्रण कार्ड फिर से छपवाया गया है, जिसमें अब गगरेट के विधायक राकेश कालिया व कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा का नाम बतौर विशेष अतिथि प्रकाशित किया गया है। निमंत्रण-पत्र के अनुसार मां चिंतपूर्णी महोत्सव की अंतिम संध्या पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी मुख्यातिथि होंगे। अगर अब जिला प्रशासन को मां चिंतपूर्णी महोत्सव को लेकर दोबारा निमंत्रण-पत्र छपवाने पड़ें हैं तो सवाल यह है कि पहले छपे निमंत्रण-पत्रों में आखिर किस वजह से गगरेट के विधायक राकेश कालिया व कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा का नाम नहीं छप पाया। जिला प्रशासन द्वारा अब जो अंतिम संध्या के कार्ड छपवाए गए हैं। उनमें बकायदा गगरेट के विधायक राकेश कालिया, कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, पूर्व उद्योग मंत्री कुलदीप कुमार, ऊना सदर के पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा का नाम भी विशेष अतिथि के तौर पर छापा गया है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को नए निमंत्रण-पत्र के साथ अंब के एसडीएम व गगरेट के एसडीएम विधायक राकेश कालिया के निवास स्थान पर अपनी गलती का एहसास करने पहुंचे, लेकिन राकेश कालिया के कहीं बाहर होने के कारण उनसे मुलाकात नहीं हो सकी।