संवाद न्यूज एजेंसी
घनारी (ऊना)। मवा कहोलां गांव में दीन दयाल महेश दरबार में बाबा फकीर चंद की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का चौथा दिन श्रद्धा और आस्था से परिपूर्ण रहा। कथा का आयोजन बाबा गरीब दास के निर्देशन में किया जा रहा है। चौथे दिन के प्रवचनों में आचार्य नड्डा ने श्रीमद्भागवत के गूढ़ रहस्यों को सरल और प्रभावशाली शैली में प्रस्तुत किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनके जीवन के प्रेरणादायक प्रसंगों पर प्रकाश डाला। आचार्य ने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि यह हमें धर्म, भक्ति और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इसका प्रत्येक शब्द जीवन को नई दिशा देने में सक्षम है। श्रद्धालुओं ने प्रवचनों को मनोयोग से सुना और भक्ति रस में डूबे रहे। पूरे दरबार में भक्ति गीतों और हरिनाम संकीर्तन की गूंज से आध्यात्मिक माहौल बना रहा। बाबा गरीब दास ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा फकीर चंद के दिखाए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने सभी को कथा श्रवण के माध्यम से आत्मिक उन्नति का मार्ग अपनाने का संदेश दिया। यह धार्मिक आयोजन 24 दिसंबर तक चलेगा।