अंब में पुलिस टीम बरामद किए गए चोरी के ट्राला और आरोपी के साथ। स्रोत:जागरूक पाठक।
31 जनवरी की रात हुई थी वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। अंब पुलिस ने कपूरथला पंजाब से एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का पिकअप ट्राला बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने पंजाब के पटियाला निवासी एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार अंब बाजार, ऊना रोड निवासी अनुभव दीप सूद ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 31 जनवरी की रात करीब 12:30 बजे उनका पिकअप ट्राला दुकान के बाहर से चोरी हो गया। वाहन मालिक ने ट्राला रोज की तरह दुकान के सामने खड़ा किया था, लेकिन देर रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। यह चोरी पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें तीन लोग ट्राला चोरी करते दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी माध्यमों और अन्य साक्ष्यों का उपयोग किया। जांच के दौरान एएसआई अतुल, मुख्य आरक्षी हिमांशु जरियाल, एचएससी अजय और आरक्षी सौरभ सरपाल की टीम ने आरोपियों का पीछा किया और शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे पंजाब के कपूरथला में दबिश देकर ऋषि नगर, पटियाला निवासी कमल प्रीत सिंह को चोरी के ट्राले सहित गिरफ्तार किया। आरोपी को अंब पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है, ताकि क्षेत्र में हुई अन्य संभावित वारदातों का भी खुलासा किया जा सके।