संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस थाना सदर के तहत अपर बसाल में स्थित एक मेडिकल स्टोर से चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान हरदीप कुमार (24) निवासी बड़ोह जिला ऊना के तौर पर हुई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार संदीप कुमार निवासी गांव कांगड़, हरोली ने 30 अगस्त को दी शिकायत में बताया कि वह अपर बसाल मुख्य बाजार में एक मेडिकल स्टोर और गहनों की दुकान अलग से करता है। 29 अगस्त की मध्य रात्रि को उसके मेडिकल स्टोर के गल्ले से करीब 500 रुपये कैश व एक प्लास्टिक के डिब्बे के अंदर रखे पुराने चांदी के गहने चोरी हो गए। गहनों का वजन करीब 900 ग्राम था। इसके अलावा उसकी दुकान से एक मोबाइल फोन भी चुरा लिया गया। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने पाया कि आरोपी हरदीप कुमार ने चोरी का मोबाइल पुनीत नाम के व्यक्ति को बेचा। उसके बाद फोन को चंचला देवी निवासी गगरेट को बेच दिया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी हरदीप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है।