गगरेट (ऊना)। गगरेट थाना क्षेत्र के गांव कुठेड़ा जसवालां में उधार दिए गए पैसे वापस मांगने पर 85 वर्षीय बुजुर्ग के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार कुठेड़ा जसवालां निवासी आत्मा नंद ने शिकायत में बताया कि उन्होंने गांव के ही एक व्यक्ति को 20 हजार रुपये उधार दिए थे। लंबे समय से वह अपनी रकम वापस मांग रहे थे लेकिन आरोपी हर बार विवाद करता और उन्हें धमकाता था। शिकायत में कहा गया है कि शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे आत्मा नंद सत्संग केंद्र से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव की डिस्पेंसरी के पास आरोपी ने उनका रास्ता रोक लिया और उनके साथ मारपीट की। आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देता है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि की है।