मैदा माजरा के सरकारी स्कूल में पीपल के पेड़ की टूटी शाखा।
नंगल (ऊना)। नंगल के गांव मैदा माजरा के राजकीय प्राथमिक स्कूल में बुधवार को सफाई कर्मचारी की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। यहां पीपल के पेड़ की एक विशाल टहनी टूटकर जमीन पर आ गिरी। गनीमत यह रही कि किसी भी विद्यार्थी या स्टाफ सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। जानकारी अनुसार बुधवार सुबह स्कूल शुरू होने से पहले विद्यालय पहुंचे कुछ विद्यार्थी गर्मी से राहत के लिए पीपल के पेड़ के नीचे छाया में खड़े थे, तभी अचानक स्कूल परिसर में सफाई कर रहे कर्मचारी को पेड़ की टहनी के टूटने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर सफाई कर्मचारी ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वहां मौजूद विद्यार्थियों को भगाया नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। टहनी टूटने की जानकारी मिलते ही अभिभावक भी भागते हुए स्कूल पहुंचे। यहां किसी भी तरह के हादसे से बचाव होने की सूचना पाकर राहत की सांस ली। इसकी पुष्टि प्रधानाचार्य कुलवीर कौर ने की है। उन्होंने कहा कि राहत की बात यह रही कि किसी भी बच्चे को कोई नुकसान नहीं हुआ।