मवा कोहलां में आग की भेंट चढ़े बर्तन। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में मंगलवार को दो स्थानों पर आग लगने से 68 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। दोपहर बाद हुई इस घटना में प्रवासी कामगारों की नंगड़ा में पांच बकरियां भी आग की भेंट चढ़ गईं। अग्निशमन विभाग की तरफ से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दोनों स्थानों पर प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को फौरी राहत प्रदान करते हुए बेघर हुए परिवारों के रहने और खाने की व्यवस्था की है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मंगलवार दोपहर बाद गगरेट विधानसभा क्षेत्र के गांव मवा कोहला में झुग्गियों में भीषण आग लग गई। इससे 55 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। इससे लाखों के नुकसान का अनुमान है। समाचार लिखे जाने तक अग्निशमन विभाग के कर्मचारी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। मवा कोहलां में आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड विभाग अंब से विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वहीं नंगड़ा में फायर स्टेशन ऊना से विभाग के जवान मौके पर पहुंचे। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। दूसरी तरफ ऊना उपमंडल के नंगड़ा में भी दोपहर बाद आग से 13 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। इस घटना में पांच बकरियों की मौत हो गई। मवा कोहलां में मौके पर पहुंचे तहसीलदार घनारी कुल्ताज सिंह ने प्रभावितों को सहायता देते हुए कहा कि अगले दो दिन तक इनके खाने और रहने का इंतजाम किया गया है। इसके अलावा अंबोआ दरबार के गद्दी नशीन बाबा राकेश शाह ने मौके पर पहुंच कर आग से प्रभावित परिवारों के लिए खाने और बच्चों के लिए कपड़ों का प्रबंध किया है। दूसरी तरफ नंगड़ा में प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का दौरा किया। एसडीएम ऊना विश्व मोहन देव चौहान ने बताया कि पीड़ित परिवारों को फौरी राहत प्रदान की गई है। अभी नुकसान का आकलन किया जा रहा है। नुकसान की रिपोर्ट मिलने के बाद ही प्रशासन की तरफ से आगामी कार्रवाई की जाएगी। वहीं गगरेट के मवा कोहलां में हुई घटना पर लोगों ने प्रशासन से गगरेट में भी फायर पोस्ट स्थापित करने की मांग उठाई है।