ग्राम पंचायतों में 2 अक्तूबर को आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर आयोजित होंगी विशेष बैठकें
31 अक्तूबर तक चलेगा जन-जागरूकता अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एचपीएसडीएमए) की ओर से ‘समर्थ 2025’ राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान 31 अक्तूबर तक चलाया जा रहा है। इसके तहत 2 अक्तूबर को जिला ऊना की सभी पंचायतों में आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। कार्यकारी उपायुक्त ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि इन सभाओं में भूस्खलन रोकथाम, सुरक्षित भवन निर्माण, पहाड़ी कटाई पर नियंत्रण, मलबे का सुरक्षित निपटान, वर्षा जल निकासी और नालों में निर्माण रोक जैसे विषयों पर चर्चा होगी। एचपीएसडीएमए प्रत्येक पंचायत में 10-15 प्रशिक्षित युवा स्वयंसेवकों की टास्क फोर्स बनाएगा, जो पंचायत प्रधान के नेतृत्व में आपदा जैसी स्थिति में तैयारी और प्रतिक्रिया सुनिश्चित करेंगे। पंचायत स्तर पर इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर स्थापित करने की योजना भी है। अभियान में स्थानीय खतरों की पहचान व जोखिम कम करना, भूकंप प्रतिरोधी भवन निर्माण व पुराने घरों की सुरक्षा, आपातकालीन किट तैयार रखना (सूखा भोजन, दवा, पानी, टॉर्च आदि, प्राथमिक चिकित्सा और खोज-बचाव प्रशिक्षण, शुरुआती चेतावनी पर तुरंत कार्रवाई, आग बुझाने के उपाय सीखना, केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करना आदि बिंदुओं को शामिल किया गया है।