मैड़ी (ऊना)। ग्राम पंचायत मैड़ी में पांव फिसलकर कुएं में गिरने से 37 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह के लगभग साढ़े आठ बजे संजीव कुमार पुत्र राम सिमरन निवासी मैड़ी घर से निकला। सुबह के लगभग दस बजे वह पास ही खेत में चर रहे एक मवेशी को हटाने गया। इस दौरान जैसे ही वह भागने लगा तो पांव फिसल जाने के चलते पास ही स्थित गहरे कुएं में जा गिरा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि व्यक्ति मजदूरी करता था और अपने पीछे पत्नी और सात वर्षीय बेटी छोड़ गया। सूचना मिलने पर अंब थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद