एक दुकान से चुराई 65 हजार की नकदी और एक स्कूटी
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। नंगल रेलवे रोड में शनिवार रात अज्ञात नकाबपोश चोर ने तीन दुकानों के ताले तोड़ 65 हजार की नकदी और एक एक्टिवा स्कूटी चोरी की है। इसके अलावा अन्य दो दुकानों के चोरों ने ताले तोड़े लेकिन इन दोनों दुकानों में नकदी न होने से वह वहां से भाग गया। पुलिस ने दुकानों में लगे सीसीटीवी की जांच करना शुरू कर दी है। इस जांच में एक नकाबपोश चोरी करते हुए देखा गया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ है। सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि एक नकाबपोश दुकान के शटर का ताला तोड़ दुकान में घुसता है। इसके बाद गल्ले में रखे 65 हजार और दुकान के बाहर खड़ी एक्टिवा स्कूटी लेकर भाग जाता है। चोर ने आते ही सबसे पहले दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की तारों को काटा और उसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। लेकिन, वह इस बात से बेखबर था कि दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी में उसकी हरकतें कैद हो रही हैं। दुकान में काम करने वाले कर्मचारी लक्की ने कहा कि उसने प्रतिदिन की तरह रात लगभग 10.30 बजे दुकान बंद की थी। शनिवार को दुकान के मालिक दुकान पर नहीं आए थे। इस लिए दिन में हुई सेल के सारे रुपये दुकान पर ही थे। रात लगभग दो बजे एक चोर दुकान में घुसा और दुकान में रखी नकदी के साथ दुकान के बाहर खड़ी एक्टिवा भी चुरा ले गया। इस वारदात की शिकायत नंगल पुलिस के पास की गई है। थाना प्रभारी नंगल रोहित शर्मा ने कहा कि मामला दर्ज कर सीसीटीवी की जांच की जा रही है। चोर जल्द गिरफ्त में होगा।