मां चिंतपूर्णी दरबार में कतारों में लगकर पावन पिंडी के दर्शन का इंतजार करते श्रद्धालु। स्रोत स
गर्मियों की छुट्टियों के चलते मां के दरबार में बढ़ी भक्तों की संख्या
संवाद न्यूज एजेंसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर से लेकर बाबा श्रीमाई दास सदन तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। लगभग 20,000 श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। गर्मियों की छुट्टियों के चलते पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हिमाचल पहुंच रहे हैं। इससे राज्य के शक्तिपीठों में अधिक भीड़ उमड़ रही है। अत्यधिक भीड़ को देखते हुए मंदिर अधिकारियों ने परिसर में सफाई, विद्युत आपूर्ति और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए होमगार्ड, एक्स-सर्विसमैन और अन्य सुरक्षाकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे बड़ी श्रद्धा और अनुशासन के साथ अपनी बारी का इंतजार करते हुए लाइन में लगे रहे। मंदिर परिसर से लेकर मुख्य बाजार तक महिलाओं के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। चिलचिलाती धूप में पंजाब के लुधियाना से आए एक श्रद्धालु ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए लाइन में लगे लोगों को पानी की बोतलें बांटीं। सुगम दर्शन प्रणाली के तहत पास काउंटर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पास बनवाकर लिफ्ट मार्ग से दर्शन किए। मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने बताया कि गर्मियों की छुट्टियों में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु चिंतपूर्णी पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दे दिए गए हैं। मंदिर प्रशासन श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधा के लिए सदैव तत्पर है।