दावेदारों ने बैठक कर एकजुटता का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट(ऊना)। विधानसभा के उपचुनाव में जहां एक ओर भाजपा ने चैतन्य शर्मा को चुनावी अखाड़े में उतारकर शंखनाद कर दिया है। वहीं, कांग्रेस अभी भी अपने उम्मीदवार का चयन नहीं कर पा रही है। इसको लेकर गगरेट कांग्रेस का एक धड़ा अलग से बैठकें कर एकजुट होने का संदेश दे रहा है, परन्तु टिकट आवंटन के बाद यह एकजुटता किस हद तक टिकती है, यह कह पाना अभी मुश्किल है।
गगरेट कांग्रेस के टिकट के तलबगारों की लिस्ट दिन-प्रतिदिन लंबी होती जा रही है। पिछले दिनों गगरेट में एक होटल में हुई बैठक में भी टिकट के तलबगार अपनी लाबिंग करते दिखे थे, जिसमें विधायक संजय रत्न और बबलू भी उपस्थित थे। कांग्रेस में प्रतिदिन बैठकों का दौर जारी है। बावजूद अभी गगरेट में किसी भी उम्मीदवार के नाम पर मोहर नहीं लग पाई है। गगरेट ब्लाॅक कांग्रेस पहले ही किसी स्थानीय नेता को टिकट देने की पैरवी कर चुकी है। कांग्रेस के टिकट आबंटन के बाद गगरेट में सियासी पारा भी चढ़ेगा यह भी तय है। अब देखना होगा कि भाजपा और कांग्रेस में इस चुनाव में कितना कितना भीतरघात होगा। गगरेट में दोनों ही दलों में भीतरघात की सम्भावनाओं से भी इंकार नहीं किया जा सकता। राजनीतिक दल पूरी तैयारी से मैदान में डट गए है। इस बार गगरेट का चुनाव खासा रोचक होने की सम्भावना है।
अंब में की पत्रकार वार्ता
अंब (ऊना)। गगरेट विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी की टिकट के चाहवान नेताओं ने अंब के एक निजी होटल में संयुक्त पत्रकार वार्ता की। इसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सचिव सरोज शर्मा और रमण जसवाल, जिला कांग्रेस ह्यूमन राइट कमीशन के जिला अध्यक्ष राकेश कुमार अपलु, जिला परिषद सदस्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी के वाइस प्रेसिडेंट कुलदीप कुमार दीपा, ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता व आत्मा प्रोजेक्ट के अध्यक्ष अजय ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अश्विनी ठाकुर, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमन ठाकुर उपस्थित थे। यह सभी वह नेता है, जिनके पूर्वज कांग्रेस पार्टी के लिए कार्य करते रहे हैं और कांग्रेस के सच्चे सिपाही रहे हैं।