प्रभाविताें और स्थानीय प्रशासन को सौंपी राहत सामग्री
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। राष्ट्रीय किसान संगठन हिमाचल का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय महामंत्री देसराज मोदगिल की अगुवाई में बंगाणा से राहत सामग्री लेकर मंडी जिला के थुनाग पहुंचा। राहत सामग्री तहसीलदार रजत सेठ को सौंपी गई। प्रतिनिधिमंडल ने उपमंडल अधिकारी रमेश कुमार, तहसीलदार रजत सेठ और सहायक उपायुक्त मंडी से मुलाकात कर 55,000 के चेक आपदा प्रभावितों को सौंपे, जिनमें से कुछ चेक मौके पर वितरित भी किए गए। इसके अतिरिक्त मस्तराम नामक स्थानीय किसान को 11,000 की नकद सहायता दी गई, जिसका घर, पॉलीहाउस और सेब बगीचा आपदा में नष्ट हो गया था। देसराज मोदगिल ने बताया कि कई प्रभावित परिवारों के आय स्रोत समाप्त हो गए हैं और वे बच्चों की पढ़ाई व खर्च वहन करने में असमर्थ हैं। प्रशासन ने दानदाताओं से आगे आकर सहयोग करने की अपील की है। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष हंसराज सिंह, उपाध्यक्ष पं. ज्ञानचंद, लालमन त्यागी, कर्म सिंह, भगतराम, रामकृष्ण शर्मा, मोहनलाल शर्मा व ठाकुर कर्म सिंह शामिल रहे।