ऊना। जिला को नया अतिरिक्त उपायुक्त मिल गया है। 2021 बैच के आईएएस अधिकारी इशांत जसवाल ने वीरवार को अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) का कार्यभार संभाल लिया। अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिनी सचिवालय पहुंचे इशांत जसवाल का अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वागत किया। एडीसी के रूप में यह उनकी पहली नियुक्ति है, इससे पहले वह बतौर एसडीएम कांगड़ा में सेवाएं दे रहे थे। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला की भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता रहेगी। नवनियुक्त एडीसी ने कहा कि बरसात के दिनों में ऊना जिला के कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। इस चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर ठोस कार्य योजना तैयार की जाएगी। साथ ही प्रदेश सरकार के नशा मुक्त हिमाचल अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाते हुए युवाओं को नशे से दूर रखने और जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष फोकस किया जाएगा।