दौलतपुर चौक (ऊना)। गगरेट विधानसभा क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव में वीरवार को सामुदायिक केंद्र के निर्माण की दिशा में अहम कदम उठाते हुए स्थानीय विधायक राकेश कालिया ने विधिवत भूमि पूजन किया। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक को शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। विधायक राकेश कालिया ने कहा कि ब्रह्मपुर में बनने वाला यह सामुदायिक केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात है। लगभग एक करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। आने वाले समय में क्षेत्र में विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कंवर, ब्रह्मपुर पंचायत के पूर्व प्रधान प्रदीप कुमार उर्फ लक्की, पूर्व उपप्रधान सरदार कमल सिंह, भद्रकाली पंचायत के पूर्व प्रधान दलविंदर सिंह बबली, क्रांति शर्मा, पंचायत सचिव सोहन सिंह, बीडीओ गगरेट सुरेंद्र जेतली, नबाव काकू, रमेश चंद सहित अन्य उपस्थित रहे। सभी ने सामुदायिक केंद्र को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया।