पीड़ित की पत्नी रजनी का आरोप- म्यांमार में हो रही मानव तस्करी
म्यांमार में आशीष समेत कई भारतीय लुटेरों की कैद में
संवाद न्यूज एजेंसी
मैहतपुर (ऊना )। म्यांमार में फंसे ऊना जिला के आशीष कुमार की पत्नी रजनी की शिकायत पर मैहतपुर पुलिस ने स्थानीय एजेंट की खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। रजनी देवी ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसके पति आशीष कुमार को म्यांमार में गैरकानूनी कार्य में संलिप्त लुटेरों के गिरोह ने फंसा दिया है, जहां से निकलना उनके लिए मुश्किल हो गया है। रजनी ने पुलिस को बताया कि उनके पति समेत अनेक भारतीयों को इस गिरोह ने कैद करके रखा है। रजनी देवी ने कहा कि अनेक भारतीयों की मानव तस्करी करके उन्हें म्यांमार देश में पहुंचाया जा रहा है। इसी मानव तस्करी का शिकार उनके पति भी हुए, जिसके लिए स्थानीय एजेंट और उनके अन्य एजेंट साथी पूरी तरह से जिम्मेदार हैं। शिकायत में रजनी ने कहा कि उनके पति ने किसी तरह छिपकर वीडियो मैसेज के जरिए भारतीयों पर हो रहे जुल्म का संदेश भेजा है, ताकि उन्हें समय रहते मुक्त करवाया जा सके। पीड़ित व्यक्ति की पत्नी रजनी देवी सहित अन्य लोगों ने एएसपी सुरेंद्र शर्मा को ज्ञापन देकर 15 जून तक अल्टीमेटम दिया है। अगर 15 जून तक उक्त एजेंट और उसके साथियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो फिर से धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
वहीं, एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि परिवार की शिकायत पर उक्त एजेंट के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।