ऊना। धर्मशाला-चंडीगढ़ सड़क पर जलग्रां में सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे एक टेंपो और कार की टक्कर हो गई जिसमें कार बीच सड़क पर पलट गई जबकि टेंपो भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद सड़क के बीच पलटी कार के कारण लंबा जाम लग गया और लोगों को खासी परेशानी हुई। गनीमत रही कि हादसे में कार व टेंपो चालक को चोट नहीं आई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची यातायात पुलिस ने लोगों की मदद से पहले कार को सीधा करवाया और उसे सड़क किनारे किया। इसके बाद टेंपो को भी सड़क से हटाकर साइड किया। उसके बाद यातायात व्यवस्था द्वारा बहाल हो पाई। जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब एक कार चालक ऊना से मैहतपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए टेंपो चालक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बीच सड़क ही पलटी खा गई। गाड़ी की छत नीचे और टायर ऊपर हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने कार चालक को बाहर निकाला।
पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता होने के कारण मामला दर्ज नहीं किया है।