बंगाणा (ऊना)। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य पर सोमवार को बंगाणा में उपमंडल स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए लोकतंत्र और समाज में मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डाला। सोनू गोयल ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। पत्रकार समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ आम जनता और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने पत्रकारों से समाचारों के प्रकाशन एवं प्रसारण में तथ्यों की सत्यता और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।