ऊना। क्षेत्र के धमांदरी के साथ लगते गांव बरेड़ा में एक व्यक्ति की बंदूक की गोली लगने से संदिग्ध मौत हो गई। मृतक व्यक्ति की पहचान बरेड़ा निवासी सुभाष चंद (40) के रूप में की गई है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, जहां शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामला हत्या का है या फिर आत्महत्या का, पुलिस हर पहलू की गहनता से छानबीन कर रही है। घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक सुभाष चंद शुक्रवार सुबह अपनी बंदूक लेकर खेतों की ओर निकला था। जब देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान सुभाष का शव खून से लथपथ हालत में खेत में बरामद किया गया। परिजनों ने फौरन मामले की सूचना पंचायत और पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। गोली लगने के कारण सुभाष के सिर के परखच्चे उड़ चुके थे। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया, जहां से शनिवार सुबह उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। एएसपी मदन लाल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सुभाष की लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में धारा 174 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह कोई दुर्घटना थी या आत्महत्या या कुछ और।