चकसराय (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत बैरियां में युवा और महिला मतदाताओं के साथ बुजुर्ग मतदाताओं ने भी मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। गांव के 90 वर्षीय गुरवचन सिंह ने यूरिन की पाइप लगी होने के बावजूद मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं उनकी पत्नी 85 वर्षीय निको देवी ने भी मतदान कर लोगों को प्रेरित किया। बुजुर्ग दंपनी को घर से वाहन के माध्यम से मतदान केंद्र तक लाया गया तथा मतदान करवाने के बाद सुरक्षित वापस घर पहुंचाया गया। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी को देखते हुए गुरवचन सिंह से गाड़ी में ही मतदान करवाया गया। ग्रामीणों ने बुजुर्ग दंपती के इस जज्बे की सराहना की और युवाओं के लिए प्रेरणा बताया।