बस सुविधा से महरूम 10 हजार की आबादी
बडैहर में मात्र एक निजी बस दिन भर में लगाती है गांव के मात्र दो चक्कर
शाम के समय बस न मिलने से ग्रामीण पैदल चलने को मजबूर
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
विधानसभा क्षेत्र ऊना के तहत बडैहर, भडोलियां कलां, झुड़ोवाल, खुई गांवों में शाम के समय बस सुविधा न होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांवों में दिन भर मात्र एक निजी बस की ही सुविधा है। कई बार निजी बस न आने से लोगों को पैदल ही बहड़ाला बस लेने के लिए पहुंचना पड़ता है। इन गांवों के ग्रामीणों को ऊना व अन्य जगह के लिए जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को ऊना जाने के लिए दिन में एचआरटीसी की बस सुबह के समय एक चक्कर और निजी बस गांव के दो चक्कर लगाती है। दोपहर चार के बाद ऊना जाने के लिए गांव के लोगों को चार से पांच किलोमीटर का सफर पैदल ही तय कर बहड़ाला में बस लेने के लिए पहुंचना पड़ता है। लोगों के साथ-साथ कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और ड्यूटी पर पहुंचने वाले कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों में राकेश कुमार, विजय कुमार, शाम, जीत सिंह, राम प्रसाद, विसनी देवी, मीरा, सोनू, कविता, राम किशन का कहना है कि उनके गांवों के लिए शाम के समय बस सुविधा न होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से क्षेत्र के गांवों के लिए बस सुविधा देने की मांग की है।