अंब (ऊना)। छत्तबड़-दलोह-चुआर सड़क की खस्ता हालत के कारण स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के चलते सड़क की हालत इतनी बदतर हो गई है कि इस पर किसी भी वाहन से सफर करना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों राम प्रकाश, दौलतराम, राकेश कुमार, किशन कुमार, तिलकराज, चंद्रप्रकाश, अजय कुमार, हंसराज, कृष्ण कुमार, तारा चंद, प्रेमचंद और रजिंदर कुमार ने बताया कि छत्तबड़ से दलोह, कन्यारी, रड़ोह, चुआर मार्ग जर्जर हालत में पहुंच चुका है। इसके चलते इस दूरदराज पहाड़ी क्षेत्र से स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है क्योंकि मार्ग पर वाहन चलाना खतरे से खाली नहीं है। इस कारण लोगों को रोजाना पैदल चलने पर मजबूर होना पड़ रहा है। बरसात के कारण सड़क खस्ताहाल हो चुकी है। जबकि, मार्ग पर पड़ने वाली रड़ोह खड्ड के पास सड़क का डंगा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे वहां से होकर गुजरने वाले वाहनों के लिए भी खतरा पैदा हो सकता है। स्थानीय निवासियों ने सरकार से मांग की है कि मार्ग की मरम्मत का कार्य जल्द करवाया जाए।