4 दिसंबर को सरकार का विधानसभा में घेराव
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष चैतन्य शर्मा ने बताया कि वन बूथ टेन यूथ अभियान के तहत प्रदेशभर से 80 हजार युवा संगठन से जुड़ेंगे। उन्होंने कहा कि 4 दिसंबर को विधानसभा में प्रदेश सरकार के खिलाफ भव्य घेराव किया जाएगा, जिसमें युवा अपनी आवाज बुलंद करेंगे। चैतन्य शर्मा ने कहा कि सरकार ने पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरियां देने और पांच वर्षों में 5 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन अब तक यह पूरा नहीं हुआ। इसके बजाय सरकार वन मित्र, पशु मित्र, ट्रैफिक मित्र जैसी अस्थायी भर्तियां कर रही है, जो युवाओं के साथ छल है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा जनजागरण अभियान के तहत केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाएगा और प्रदेश सरकार की विफलताओं को उजागर करेगा। 4 दिसंबर का घेराव युवाओं की आवाज को और मजबूत करेगा।