बीवॉक कोर्स के लिए ऊना कॉलेज में दाखिले शुरू
रिटेल मैनेजमेंट और हॉस्पिटैलिटी कोर्स के लिए होंगी 40-40 सीटें
अब पढ़ाई के साथ-साथ मिलेगा कौशल विकास भत्ता : त्रिलोक
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। डिब्री कॉलेज ऊना में बीवॉक के तहत रिटेल मैनेजमेंट और हॉस्पिटैलिटी और टूरिज्म में प्रदेश कौशल विकास निगम के तकनीकी सहयोग से तीन वर्षीय कोर्स में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। दोनों पाठ्यक्रमों में निर्धारित 40-40 सीटों में पात्र और इच्छुक छात्रों को दाखिला दिया जाएगा। कॉलेज प्राचार्य डॉ. त्रिलोक चंद ने बताया कि रिटेल मैनेजमेंट तथा हॉस्पिटैलिटी व टूरिज्म में तीन-तीन वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के लिए उम्मीदवार सामान्य वर्ग से कम से कम 45 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं और आरक्षित वर्ग से कम से कम 40 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। दोनों पाठयक्रमों में दाखिला 12वीं कक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। इन दोनों बीवॉक पाठ्यक्रमों में छात्रों को बीच में पढ़ाई छोड़ देने पर निर्धारित अवधि के लिए प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इसमें छह माह बाद पाठ्यक्रम को छोड़ने पर प्रमाणपत्र, एक वर्ष के बाद डिप्लोमा, दो वर्ष के बाद एडवांस डिप्लोमा और तीन वर्ष का पूरा पाठ्यक्रम करने पर संबंधित विषय में बीवॉक की डिग्री दी जाएगी। प्राचार्य ने बताया कि कोर्स संबंधी जानकारी के लिए बीवॉक के नोडल अधिकारी प्रो. स्वर्ण सिंह से दूरभाष 9816615678 पर जानकारी ली जा सकती है।