लू के थपेड़ों से लोगों का जीना हुआ मुहाल, घरों से नहीं निकल रहे
सूने हुए बाजार, सूरज ढलने पर निकलने को मजबूर हैं ग्राहक
बाजारों में दिनभर नजर नहीं आता कोई खरीदार
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। जिले में प्रचंड गर्मी के चलते बाजार सूने हो गए हैं। सूरज ढलने के बाद ही कारोबारियों को ग्राहकों के दर्शन हो रहे। लू के थपेड़ों से लोगों का जीना मुहाल हो चुका है। लोग शाम को करीब 7 बजे तक घरों के अंदर ही बैठने को मजबूर हैं। झुलसा देने वाली गर्मी के कारण कारोबारियों के व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है। बाजार में कई कारोबारी तो ऐसे भी हैं जो दिन भर खरीदारों का इंतजार करते रहते हैं, लेकिन गर्म हवाओं के बीच कोई भी खरीदार उनकी दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहा। 70 फीसदी तक काम धंधा चौपट हो चुका है। सूर्यास्त के बाद सब्जी, हलवाई और अन्य दुकानों पर खरीदार दिखाई देते हैं। कपड़ा कारोबारी मनीष कुमार ने बताया कि सुबह 11 बजे तक और शाम को 6:30 बजे के बाद ही ग्राहक दुकान पर नजर आते हैं। दिन भर कोई ग्राहक बाजार में दिखाई नहीं देता। ठंडे पेय पदार्थों की बिक्री सबसे अधिक हो रही है। पंजाब की सरहद से सटे मैहतपुर मुख्य बाजार, रेलवे रोड, भटोली रोड, इंडस्ट्रियल एरिया चौक बाजार में दिनभर गर्मी के चलते सन्नाटा पसरा हुआ दिखाई दे रहा। अधिकतर लोग घरों में एसी, कूलर और पंखों के सहारे दिन गुजर रहे हैं। वहीं गरीब लोग पेड़ों की छाया का सहारा लेकर वक्त गुजरने को मजबूर हैं। मैहतपुर बसदेहड़ा व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुभाष ऐरी नोनू ने कहा कि प्रचंड गर्मी के कारण कारोबार पर खासा असर देखने को मिल रहा है। 70 फीसदी तक कारोबार घट गया है। लोग मानसून के आने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि उन्हें इस प्रचंड गर्मी से राहत मिल सके और व्यवसाय पटरी पर लौट सके।