ऊना। जिले में 14 अक्तूबर से 10 नवंबर तक आचार संहिता के दौरान कुल 49,685 लीटर शराब और बीयर पकड़ाई है। वहीं माइनिंग एक्ट के तहत 163 चालान किए गए। इसके साथ ही एक्साइज एक्ट के तहत 47 केस दर्ज किए गए हैं। साथ ही अलग-अलग स्थानों से 15,80,670 रुपये की नकदी बरामद की गई है।
आचार संहिता के दौरान जिला पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की टीमें जिलाभर में सक्रिय रहीं और अलग-अलग क्षेत्रों में गुप्त सूचना और वाहनों की जांच के दौरान कई अनियमितताएं र्पाई। जिलेभर में आचार संहिता के दौरान अवैध शराब की सप्लाई करने के कई प्रयास किए गए। जिन्हें एक्साइज और पुलिस बल की टीमों ने नाकाम किया। वहीं अवैध खनन की रोकथाम को लेकर खनन विभाग की टीमें भी दिन-रात सक्रिय रहीं और 163 लोगों के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत चालान किए गए। वहीं जिले में पकड़ी गई कुल शराब में से 43,881 लीटर अंग्रेजी शराब की खेप है। वहीं 4,475 लीटर देसी शराब जब्त की गई। इसके अलावा 1,329 लीटर बीयर भी विभिन्न क्षेत्रों से पकड़ी गई है। इसके अलावा 39.12 ग्राम हेरोइन भी बरामद की गई है। वहीं एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच केस दर्ज किए गए।
बता दें कि बंगाणा क्षेत्र के रायपुर मैदान से बीते मंगलवार शाम को पुलिस ने 505 पेटी शराब और बीयर बरामद थी। इसमें 443 पेटी अंग्रेजी, 30 बीयर और 32 देसी शराब की पेटियां शामिल हैं। आचार संहिता के दौरान जिले में यह सबसे बड़ी खेप पकड़ी गई है।
उधर, पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ पुलिस मुहिम जारी है। कोई भी व्यक्ति पुलिस के साथ सूचना साझा कर सकता है। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।