धुंधला व हरोली के पूबोवाल में भी पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब की बोतलें
पुलिस ने बिलासपुर निवासी चालक सहित ट्रक को कब्जे में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना, बंगाणा (ऊना)। पुलिस थाना बंगाणा की टीम ने अवैध शराब का जखीरा पकड़ने में सफलता हासिल की है। बिलासपुर के ट्रक चालक से 48 पेट्टी शराब की बरामद हुई हैं, जबकि अन्य दो मामलों में पुलिस ने धुंधला व पूबोवाल में अलग से 71 बोतलें शराब की बरामद की हैं।
वहीं, तीनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बंगाणा पुलिस थाना के प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि शनिवार देेर रात को पुलिस ने नाकाबंदी की हुई थी। एएसआई विनोद के नेतृत्व में बंगाणा के डुमखर में ट्रक (नंबर एचपी 64/2209) को संदेह के आधार पर जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर पुलिस ने इसमें से देसी शराब की 576 बोतलें यानी 48 पेट्टी बरामद कीं। ट्रक ऊना से बिलासपुर की ओर जा रहा था।
पूछताछ में ट्रक चालक ने अपनी पहचान दौलत राम निवासी गांव एवं डाकघर रानीकोटला, जिला बिलासपुर बताई है। जब इस शराब के संबंध में पुलिस ने ट्रक चालक से कागजात मांगे तो वह उन्हें पुलिस के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर पाया। इस पर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। वहीं, शराब की सप्लाई कहां की जानी थी और अवैध शराब तस्करी में कौन कौन शामिल है, यह सब आगामी जांच में पता लगाया जाएगा।
-
धुंधला में चंडीगढ़ ब्रांड की 49 बोतल और हरोली में देसी शराब बरामद
पुलिस की कार्रवाई में हरोली के पूबोवाल और बंगाणा के धुंधला में भी पुलिस ने कार्रवाई की। धुंधला के स्टोर से पुलिस ने चंडीगढ़ ब्रांड की 49 शराब की बोतलें बरामद की हैं। पुलिस अधिकारियों की मानें तो धुंधला में मुकेश कुमार मक्की की खरीद-फरोख्त की आड में अवैध शराब का धंधा करता है। शनिवार शाम को बंगाणा पुलिस ने स्टोर में दबिश दी, तो स्टोर से 49 बोतल चंडीगढ़ ब्रांड की शराब पकड़ी। वहीं, दूसरे मामले में पुलिस थाना हरोली के तहत पुलिस शनिवार शाम को पूबोवाल में गश्त पर रवाना रही। इस बीच पुलिस ने पूवोवाल से कुठारवीत जाने वाले संपर्क मार्ग पर रैन शेल्टर के पास व्यक्ति से 12 बोतल यानी एक पेट्टी देसी शराब बरामद हुई। आरोपी की पहचान राकेश कुमार निवासी कुठारबीत के रूप में हुई है।
-
पुलिस ने तीनों मामलों में केस दर्ज कर लिए हैं। डुमखर में ट्रक चालक सहित धुंधला व पूबोवाल में पकड़ी गई शराब केे मामलों में पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।
-राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक, ऊना