अंब(ऊना)। अंब थाना पुलिस ने कपूरथला के एक 47 वर्षीय व्यक्ति को राजस्थान के खाटू श्याम से सुरक्षित ढूंढ निकाला है। अजय कुमार नाम का यह व्यक्ति गत 31 मार्च को माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन के लिए आया था और इसी दौरान बणे दी हट्टी के पास से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो अंब थाना में इसकी सूचना दर्ज करवाई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और तकनीकी सहायता से व्यक्ति के खाटू श्याम में होने का पता लगाया। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर उसे सकुशल बरामद किया और सोमवार को अंब लाकर परिजनों के हवाले कर दिया। एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि लापता व्यक्ति को सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया है।