ऊना। प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य हरिओम भनोट ने कहा कि प्रो. प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व में ही प्रदेश में भाजपा सरकार बनी है। उन्होंने कहा कि प्रेम कुमार धूमल और राज्य भाजपा के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती की हार पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए दुखदाई है। दोनों नेताओं ने पार्टी को सत्ता में लाने के लिए जी जान एक किया है। भनोट ने कहा कि प्रेम कुमार धूमल ने जिस प्रकार से कार्यकर्ताओं के बीच रहकर सत्ता में पार्टी को लौटाने के लिए मेहनत की और उसके सकारात्मक परिणाम मतगणना के दौरान आए हैं। धूमल के नेतृत्व में ही भाजपा सत्ता में लौटी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने भाजपा को प्रदेश में जिस प्रकार से बल दिया, उससे भाजपा का प्रदेश नेतृत्व मजबूत होकर आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण रहा है कि मुख्यमंत्री के चेहरे प्रेम कुमार धूमल को कुछ वोटों से हार का सामना करना पड़ा है, लेकिन धूमल के कद और नेतृत्व में कोई कमी नहीं आई है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के लाखों कार्यकर्ताओं की भावना है कि भाजपा नेतृत्व एक बार प्रदेश हित में निर्णय लेते हुए विधायकों के समर्थन से मुख्यमंत्री पद पर प्रेम कुमार धूमल को नामित करने का निर्णय ले।