नंदपुर (ऊना)। अंब चौक क्षेत्र में 400 केवीए वितरण ट्रांसफार्मर (डीटीआर) पर बढ़ते विद्युत भार के कारण बार-बार खराबी की समस्या सामने आ रही है। इस संबंध में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड (एचपीएसईबीएल) के विद्युत उपमंडल अंब ने क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अपने वास्तविक विद्युत भार का नियमानुसार लोड विस्तार करवाने के निर्देश दिए हैं। विद्युत बोर्ड के अनुसार निरीक्षण के दौरान कुछ उपभोक्ताओं के परिसरों में स्वीकृत लोड से अधिक अनधिकृत विद्युत भार का उपयोग पाया गया है। अधिक भार पड़ने से ट्रांसफार्मर की क्षमता पर अतिरिक्त दबाव बन रहा है, जिससे उसकी कार्यप्रणाली प्रभावित होने के साथ-साथ बिजली आपूर्ति में बार-बार व्यवधान की स्थिति उत्पन्न हो रही है। बोर्ड अंब के एसडीओ जुगल किशोर ने कहा कि उपभोक्ता सात दिन के भीतर एचपीएसईबीएल में लोड विस्तार अथवा नियमितीकरण के लिए आवेदन करें और निर्धारित औपचारिकताएं पूरी करें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के बाद निरीक्षण के दौरान स्वीकृत लोड से अधिक या अनधिकृत भार पाए जाने पर संबंधित उपभोक्ता के खिलाफ नियमों के अनुसार जुर्माना, अतिरिक्त शुल्क और अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 400 केवीए डीटीआर के ऑगमेंटेशन अथवा नए ट्रांसफार्मर की स्थापना का प्रस्ताव तभी आगे बढ़ाया जाएगा, जब संबंधित उपभोक्ताओं की ओर से अपने वास्तविक विद्युत भार का विधिवत लोड विस्तार करवाया जाएगा। विद्युत बोर्ड उपमंडल अंब ने उपभोक्ताओं से अनधिकृत लोड का इस्तेमाल न करने और सात दिन के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है ताकि ट्रांसफार्मर में बार-बार आने वाली खराबी को रोका जा सके तथा क्षेत्र में सुरक्षित और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।