अंब (ऊना)। जिला ऊना के सोमवार को आग लगने के पांच अलग-अलग मामलों में निजी जंगल समेत खेतों में गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। यह आग लगने की घटना अंब, गगरेट और बंगाणा क्षेत्र में हुई हैं। गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही एकाएक आग लगने के मामलों में बढ़ोतरी होने लगी है।
जानकारी के अनुसार उपमंडल अंब के तहत नंदपुर में दोपहर बाद तीन बजे गेहूं के खेतों में आग लग गई। इससे लगभग आठ लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। इस घटना में कश्मीर सिंह, नानक चंद, कमलदेव, अवतार सिंह, भजन लाल, मोहन लाल, मंगल सिंह, प्रकाश चंद, सुरिंदर, रजिंदर, अनु, नसीबचंद, विजय कुमार, बचिंत्र, पवन कुमार, शाम कुमार और बलबीर सिंह की लगभग 400 कनाल क्षेत्र में लगी गेहूं की फसल जल गई है। आग लगने से भजन लाल पुत्र प्रकाश चंद का खड़पोश मकान और पशुशाला भी जल गई।
सूचना मिलने के बाद फायर स्टेशन चिंतपूर्णी से स्टेशन प्रभारी शंकरदास के नेतृत्व में पहुंची टीम ने आग पर काबू पाया है। शंकरदास ने बताया कि रास्ता ना होने के चलते आग बुझाने में काफी परेशान आई। मगर अग्निशमन दल ने आसपास खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को आग की चपेट में आने से बचा लिया है।
चक्क में पांच लाख की संपत्ति बचाई
एक अन्य घटना में अंब के ही चक्क में जोगिंद्र पाल के निजी जंगल में आग लग गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर जंगल के साथ लगते खेतों में गेहूं की फसल, मकान सहित लगभग पांच लाख रुपये की संपत्ति को जलने से बचा लिया। फायर स्टेशन अंब के कर्मचारी गणेश कुमार ने बताया कि अंदौरा में बशीर मुहम्मद पुत्र खैरदीन के निजी जंगल में आग लग गई थी। निजी जंगल के साथ लगते रिहायशी मकान को आग की चपेट में आने से बचा लिया है।
बड़ूहा में निजी भूमि में भकड़ी आग, शीशम और खैर के पेड़ जले
सोहारी टकोली क्षेत्र के तहत पड़ते बड़ूहा में अशोक कुमार और सतीश कुमार पुत्र कर्मचंद के निजी भूमि के लगभग बीस हेक्टेयर में फैले निजी जंगल में आग लग गई है। इससे शीशम और खैर के लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य के पेड़ों के नुकसान का अनुमान है। आग लगने से बिजली ट्रांसफार्मर, एक स्कूल, पोल्ट्री फार्म, रिहायशी मकान और पशुशाला को भी खतरा उत्पन्न हो गया था। मगर फायर स्टेशन अंब और बंगाणा की फायर टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पा लिया और लगभग दो करोड़ रुपये संपत्ति को बचा लिया। वहीं, दोपहर बाद गगरेट के पांवड़ा में सरकारी जंगल में आग भकड़ी थी, जिसे फायर स्टेशन अंब की टीम ने मौके पर पहुंच कर बुझा दिया।