ऊना। सप्ताह में दो दिन जिले में आवागमन करने वाली इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन से 31 वर्षीय युवक की कटकर मौत हो गई। युवक प्रतिदिन की तरह सैर करने के लिए निकला था। वह स्थानीय केसीसी बैंक शाखा बसाल में बतौर चपरासी सेवारत था।
मृतक युवक की पहचान नरेंद्र कुमार पुत्र वेद प्रकाश निवासी अप्पर बसाल जिला ऊना के रूप में हुई है। रेलवे पुलिस ने शव कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना शव गृह में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है, जबकि पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सप्ताह में दो दिन आवागमन करने वाली इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन वीरवार को इंदौर से चलकर शुक्रवार सुबह ऊना स्टेशन पर 8:39 बजे पहुंची। यहां पर ट्रेन यात्रियों को उतारने के बाद आगामी गंतव्य स्टेशन चुरूडू टकाराला में खड़ी होने के लिए जा रही थी। इस बीच करीब 09 बजे के करीब बसाल के पास नरेंद्र कुमार इस एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन से टकराने पर नरेंद्र कुमार के सिर, बाजू, पेट और दोनों टांगों पर गंभीर चोटें आ गईं और शरीर इन भागों के पास से कट भी गया। इससे उसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना रेलवे पुलिस ऊना को मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के क्षेत्र में सूचना प्रेषित की। इस पर मृतक के भाई राजिंद्र कुमार ने नरेंद्र के शव की पहचान की। परिजनों के अनुसार नरेंद्र मानसिक तौर पर परेशान चल रहा था, जबकि स्थानीय केसीसी बैंक में चपरासी था और अभी शादी नहीं हुई थी।
उधर, रेलवे पुलिस चौकी ऊना टीम के प्रभारी एएसआई अजय ऐरी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने अगामी जांच तेज कर दी है। संवाद