ऊना। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान ऊना कार्यालय में महिलाओं के लिए वस्त्र फैशन डिजाइनिंग का 31 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। पंजाब नेशनल बैंक ऊना के जिला अग्रणी प्रबंधक संजीव कुमार सक्सेना ने दीप प्रज्वलन कर इसका आगाज किया। उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे इस कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा आत्मनिर्भर बनें। निदेशक सुधीर शर्मा की ओर से प्रतिभागियों से अनुशासन में रहकर प्रशिक्षण पूरा करने का आग्रह किया। उन्हें बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाने का भी आश्वासन दिया। इसके साथ-साथ भारतीय रिजर्व बैंक के वित्तीय साक्षरता सलाहकार राज कुमार डोगरा की ओर से प्रतिभागियों से बैंकिंग योजनाएं साझा की गईं। कार्यक्रम संचालक एवं संकाय सदस्य आकाश भारद्वाज ने बताया कि 18 से 45 वर्ष की आयु के बेरोजगार युवाओं को यह प्रशिक्षण निशुल्क प्रदान किया जाता है ताकि वह आत्मनिर्भर बन सकें। उन्हें बैंक लोन सुविधा भी प्रदान की जाती है।