संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला मुख्यालय के इंदिरा गांधी खेल परिसर में शनिवार को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से प्रदेश स्तरीय अंडर-14 क्रिकेट टीम के चयन के लिए ट्रायल आयोजित किए गए। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव विशाल शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मदन पुरी, विभिन्न क्रिकेट कोच और विशेषज्ञ भी मौजूद थे। ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 260 क्रिकेट खिलाड़ी जिला मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान जानकारी साझा करते हुए विशाल शर्मा ने बताया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के तहत उत्तर भारत की अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ट्रायल में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं और चयन प्रक्रिया में क्रिकेट कोच और विशेषज्ञों द्वारा प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।