माता चिंतपूर्णी दर्शनों के लिए लाईनों में खडे भक्तजन बारी का इंतजार करते हुए।स्रोतसवयं
कतारों में खड़े भक्तों ने चार घंटे इंतजार के बाद किए दर्शन
सुहावने मौसम ने दिया भक्तों का साथ, प्रशासन ने भी दुरुस्त रखी व्यवस्था
सुबह से लेकर देर शाम तक मां के दरबार में रही रौनक
संवाद न्यूज एजेंसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। मां चिंतपूर्णी मंदिर में ज्येष्ठ रविवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह तड़के चार बजे मंदिर के कपाट खुलते ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। दिनभर मंदिर प्रांगण श्रद्धा और आस्था से सराबोर रहा। मंदिर प्रशासन के अनुसार, लगभग 22,000 श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में शीश नवाकर पूजा-अर्चना की। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। दोपहर तक दर्शन के लिए लगी कतारें लुधियाना धर्मशाला तक पहुंच गईं। भक्तों को माता रानी के दर्शन के लिए करीब चार घंटे तक कतार में खड़े रहना पड़ा। वहीं, सुगम दर्शन प्रणाली से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मौसम ने भी श्रद्धालुओं का भरपूर साथ दिया। दिनभर बादल छाए रहे और दोपहर के बाद हल्की बूंदाबांदी ने मौसम को सुहावना बना दिया, जिससे भक्तों को गर्मी से राहत मिली। विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं राजेश, रवि, मदन, मोहन, नवीन, राजेश कालिया और निरंजन ने बताया कि ज्येष्ठ रविवार को अधिक भीड़ होने की उन्हें पहले से उम्मीद थी, इसलिए वे सुबह से ही कतार में लग गए। उन्होंने कहा कि सुगम दर्शन प्रणाली ने कतार में खड़े भक्तों की परेशानी जरूर बढ़ाई है, लेकिन घंटों इंतजार के बाद मां के दर्शन का आनंद अवर्णनीय है। उन्होंने माता रानी से सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर प्रशासन ने भक्तों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए थे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए विशेष टीमें तैनात रहीं। मंदिर अधिकारी अजय मंडियाल ने बताया कि रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और पूरे दिन मंदिर में रौनक बनी रही। उन्होंने कहा कि श्रावण मेले की तैयारियां जोरों पर हैं और भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। यदि किसी श्रद्धालु को कोई परेशानी होती है, तो वह सीधे मंदिर प्रशासन से संपर्क कर सकता है।