लू के थपेड़ों से झुलसे ऊना के लोग
तापमान 43 डिग्री पार, दिन के समय आसमान से बरस रही आग
बच्चों सहित हर वर्ग का गर्मी से हो रहा बुरा हाल
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
जिले में गर्मी ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। शुक्रवार को जिला का तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह से ही आग बरसाती धूप ने लोगों की नाक में दम किए रखा। आगामी दिनों में बारिश के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं, तापमान के और बढ़ने की संभावनाएं हैं। जिला प्रशासन ने पहले ही ऊना में मौसम को लेकर अलर्ट जारी कर रखा है। मौसम की मार के चलते लोग भी गंभीर बीमारियों की चपेट में आने शुरू हो गए हैं। अस्पतालों में गर्मी और लू के चलते उल्टी-दस्त आदि से पीड़ित रोगियों की आमद बढ़ गई है। शुक्रवार को रिकॉर्ड किया गया तापमान इस सीजन का सर्वाधिक रहा। सुबह करीब नौ बजे से ही भीषण गर्मी का दौर शुरू हो जाता है जो शाम करीब छह बजे तक बदस्तूर जारी रहता है। लोगों को निकट भविष्य में इससे कोई राहत मिलने के आसार नहीं है। मौसम विभाग ने भी गर्मी के रौद्र रूप धारण करने के संकेत दिए हैं। जिला मौसम अधिकारी विनोद शर्मा ने कहा कि शुक्रवार को जिला में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में भी फिलहाल राहत के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं।