ऊना। डीसी विकास लाबरू ने जिले से दूसरे देशों में रोजगार हेतु जाने वाले लोगों को एक परामर्श जारी करते हुए कहा कि विदेश जाने से पहले निर्धारित प्रक्रिया को वे पूर्ण कर लें। जिससे उन्हें विदेश में पहुंचकर किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जिला ऊना से बड़ी संख्या में लोग रोजगार के लिए विभिन्न देशों को जाते हैं। ऐसे में उन्होंने विदेश में रोजगार के चाहवान लोगों से आह्वान किया है कि विदेश जाने से पहले सरकार की ओर से निर्धारित तमाम प्रक्रिया को पूर्ण करना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि लोग भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की ओर से पंजीकृत भर्ती और रोजगार एजेंटों के माध्यम से ही विदेश जाएं, जिससे उनके साथ विदेश में किसी प्रकार की धोखाधड़ी की कोई संभावना न रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय विदेश मंत्रालय की वेबसाइट में मंत्रालय से पंजीकृत भर्ती एजेंटों की सूची को देखा जा सकता है। इसके अतिरिक्त विदेश में रोजगार के चाहवान लोग विदेश मंत्रालय की वेबसाइट का भी अवलोकन कर विदेश जाने की तमाम प्रक्रिया की जानकारी हासिल कर सकते हैं। उपायुक्त ने कहा कि जो लोग विदेश में जिस भी क्षेत्र और व्यवसाय में नौकरी हासिल करने के लिए जाना चाहते हैं, वे उससे संबंधित पूरी जानकारी और प्रशिक्षण अवश्य प्राप्त कर लें। साथ ही परामर्श दिया है कि किसी भी देश में नौकरी के चाहवान लोग उस देश में स्थापित भारतीय दूतावास के संपर्क में जरूर रहें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा होने पर भारत सरकार की ओर से उन्हें तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।