भरवाईं(ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर में बीमार, अपंग व बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाई गई लिफ्ट पिछले एक हफ्ते से खराब पड़ी हुई है। श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। करोड़ों की आमदनी करने वाले मंदिर न्यास का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। मंदिर भवन के पास लगी इस लिफ्ट को वीआईपी और दिव्यांग व चलने में असमर्थ, बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए इस्तेमाल किया जाता है। पिछले कुछ दिनों से इस खराब पड़ी लिफ्ट को ठीक नहीं करवाया जा रहा है। मंदिर न्यास की मानें तो उक्त लिफ्ट का कोई स्पेयर पार्ट खराब हो गया है, जिसे मंगवाया गया है। उधर मंदिर का कार्यभार देख रहे तहसीलदार रणीया राम ने बताया कि कुछ दिन पहले लिफ्ट को ठीक करवाया गया था लेकिन लिफ्ट फिर खराब हो गई थी। लिफ्ट के कुछ स्पेयर पार्ट मंदिर के इलेक्ट्रीशियन ने मंगवाए हैं जिसके आने पर लिफ्ट को ठीक कर दिया जाएगा।