अमर उजाला ब्यूरो
जोल (ऊना)। बंगाणा के तहत रामगढ़ धार के तहत ध्यूंसर मंदिर तलमेहड़ा के साथ लगते सकारू बीट के जंगल में आग लगी हुई है। अग्निकांड में लाखों की जंगली संपदा जलकर राख हो गई है। जानकारी के मुताबिक माजरू-बेहलां के जंगलों में भड़की आग दवहीं के जंगलों तक जा पहुंची। आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया है। आग इतनी फैल गई है कि साथ लगते जंगल को तो अपनी चपेट में लिया था, साथ लगते गांव बही और रौनखर के घरों की ओर भी आग ने रुख कर लिया। स्थानीय लोगों ने आग को बढ़ता देख सूचना अग्निशमन विभाग को दी। इस पर अंब स्टेशन से दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। वन खंड अधिकारी सोहारी अश्वनी कुमार सिपाहिया, वन रक्षक किशोरी लाल, बालकृष्ण शर्मा, तिलकराज समेत स्थानीय लोगों रघुवीर सिंह, राजेंद्र ठाकुर, सूरम सिंह, जगर नाथ, बहादुर सिंह, संसार चंद ,कार्तिक, शिवम कुमार, राकेश, विक्की, अशोक, पवन, तरसेम लाल, संजीव कुमार, ओमप्रकाश, राजकुमारी, रजनी देवी, शीतला देवी, वेवी, निशा, पूनम, अनीता ने बताया कि सोमवार की रात को इस भयंकर आग से अपने घरों को जलने से बचाया। उन्होंने बताया कि वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों समेत अग्निशमन के कर्मचारियों ने भी आग पर काबू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि वन संपदा, जीव जंतु, जंगली जानवरों के जलने से भी भारी क्षति हुई है। बंगाणा रेंज के अधिकारी रशपाल सिंह जम्वाल और रामगढ़ धार के अधिकारी हेमराज धीमान ने कहा कि वन विभाग के कर्मचारी लगातार जंगलों में लगी आग को काबू करने में भरपूर कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जनता से अनुरोध किया है कि आग बुझाने में उनका भरपूर सहयोग करें जिससे जंगलों में भड़की आग पर काबू किया जा सके।