पानी से निकल रहे पक्षियों के पंख और हड्डियां
संतोषगढ़ के वार्ड नंबर दो में हो रहा गंदा पानी सप्लाई, बीमारियों की चपेट में आ रहे लोग
लोगों ने वायरल किया पानी का सच वीडियो, आईपीएच विभाग के खिलाफ लोगों में रोष
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
संतोषगढ़ के वार्ड नंबर दो में पीने के पानी से पक्षियों के पंख और हड्डियां निकल रही हैं। इससे स्थानीय लोगों में आईपीएच विभाग के खिलाफ रोष है। आईपीएच अधिकारियों-कर्मचारियों को समस्या से अवगत करवाया लेकिन वे अपना पल्लू झाड़कर चुप्पी साधे बैठे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से संतोषगढ़ के वार्ड नंबर दो में पेयजल में दूषित पानी आ रहा है। पहले तो लोगों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। जब बुधवार को सुबह पानी आया तो पानी में से पक्षियों के पंख और हड्डियां निकलीं जिसे देख सभी के होश फाख्ता हो गए। लोगों ने जब एक दूसरे से पूछा तो उनके घरों में भी इसी तरह का पानी निकला। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आईपीएच विभाग किस तरह से लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहा है। स्थानीय लोग दूषित पानी पीकर बीमारियों की चपेट में आना शुरू हो गए हैं। आईपीएच विभाग का यह कारनामा सोशल मीडिया पर भी खूब देखा जा रहा है। इसका वीडियो व्हाट्सऐप पर वायरल कर दिया। इससे पानी की दूषित सप्लाई की खबर आग की तरह फैल गई। जब लोगों ने इसकी शिकायत आईपीएच कर्मचारियों से की तो वे कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। लोगों ने कहा कि इस मामले को आईपीएच मंत्री के ध्यान में लाया जाएगा ताकि गंभीरता से कार्रवाई हो सके। आईपीएच विभाग के अधिशाषी अभियंता इंजीनियर नरेश धीमान ने कहा कि मामला मीडिया से ध्यान में लाया गया है। शीघ्र ही मामले को लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी।