दंडवत यात्रा से तय करेंगे 170 किमी का सफर
पंजाब के हरभजन की आस्था देख हर कोई हैरान
12 दिन में पूरी होगी बाबा बालकनाथ की यात्रा
संतोषगढ़ (ऊना)। कहा जाता है कि भक्ति में ही शक्ति का वास है। इसी कहावत को चरितार्थ करने में जुटे हैं नवांशहर पंजाब के हंसरो गांव के हरभजन सिंह काला जो लुधियाना शहर में टायरों का कारोबार करते हैं। अपने गांव हंसरो से सिद्ध जोगी बाबा बालक नाथ जी के दरबार तक की 170 किलोमीटर की यात्रा दंडवत प्रणाम करते हुए पूरी कर रहे हैं। इस साल उनकी यह 18वीं यात्रा है। नवांशहर के हंसरो गांव से 22 मार्च को शुरू हुई यात्रा बाबा जी के दरबार दो अप्रैल को पूरी होगी। अपनी यात्रा के छठे दिन संतोषगढ़ पहुंचे हरभजन सिंह ने बताया कि यह उनकी 18वीं दंडवत प्रणाम करते हुए यात्रा है। उन्होंने बताया कि बाबा जी के प्रति उनकी असीम आस्था है। बाबा जी की कृपा से ही वह 18 सालों से अपनी यात्रा को पूरा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भगवान के प्रति आस्था के बल पर ही वह बाबा जी के दर पर पहुंच जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में उनके साथ उनके दो साथी संजीव भंडारी एवं रविंद्र कुमार भी शामिल हैं जो उनके साथ पैदल चलकर अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। हरभजन सिंह का कहना है कि अगर आदमी की भगवान के प्रति आस्था हो तो वह हर कठिनाई पर विजय पा सकता है। दंडवत प्रणाम करते हुए 170 किलोमीटर की यात्रा तय करना किसी चुनौती से कम नहीं है। दंडवत प्रणाम करते हुए धूप में और नंगे पांव बाबा जी के दरबार तक पहुंचने की आस्था देख कर लोग हैरान हैं। सभी की जुबान पर यही शब्द आता है कि भक्ति में ही शक्ति का वास है।