ऊना। जिले में पेश आए अलग-अलग मामलों में तीन लोगों को सांप ने डस लिया। गंभीर हालत में तीनों को अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जानकारी के मुताबिक पहला मामला जोल के तहत चौकीमन्यार का है, जहां राज कुमार (50) रात को अपने घर में सोया हुआ था कि तभी अचानक उसे सांप ने डस लिया। परिजन तुरंत उसे ऊना अस्पताल लेकर आए। दूसरा मामला पंडोगा का है, जहां कांता देवी सोमवार सायं को अपने घर के समीप काम कर रही थी कि इसी दौरान एक सांप ने उसे डस लिया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे ऊना अस्पताल लेकर पहुंचे। तीसरा मामला ऊना के नारी गांव का है, जहां शुभम (24) अपने घर के समीप खेतों में काम कर रहा था कि इसी बीच उसे एक सांप ने डस लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे ऊना अस्पताल में दाखिल करवाया। सीएमओ ऊना डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि सर्पदंश से पीड़ितों को ऊना अस्पताल में उपचार दिया गया है। फिलहाल, उनकी हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि सर्पदंश होने पर तुरंत चिकित्सक की मदद लें। झाड़-फूंक के चक्करों में न पड़ें। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामलों की जांच कर रही है। गौरतलब है कि जिले में सर्पदंश के मामले बढ़ रहे हैं। बरसाती सीजन में अब तक करीब आधा दर्जन लोगों की मौत सर्पदंश से हो चुकी है।