हरोली (ऊना)। हरोली भाजपा नेता प्रो. राम कुमार ने वीरवार को करमपुर में हाल ही में बने तालाब का दौरा किया। बारिश के चलते जगह-जगह तालाब के टूटने को लेकर अधिकारियों सहित ठेकेदारों पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। प्रो. राम कुमार ने कहा कि यह तालाब करीब एक माह पहले बना है और पहली बारिश में बुरी तरह से टूट गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे तालाबों पर लगभग 35 से 40 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तालाब के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार का ही कारण है कि एक माह में तालाब जगह-जगह से टूट गया है। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों और अधिकारियों को फायदा पहुंचाने के लिए इतने बड़े स्तर पर घोटाले किए जा रहे हैं और विकास मॉडल के नाम पर हरोली को दोनों हाथों से लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुछ लोग विकास नाम की भ्रम की पट्टी अपनी आंखों पर बांधकर घूम रहे हैं। क्षेत्र की जनता जल्द ही झूठे विकास के भ्रम की पट्टी कांग्रेस के लोगों की आंखों से खोल देगी। उन्होंने कहा कि कितना घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल इस तालाब को बनाने में किया गया है कि बरसात की पहली बारिश भी नहीं झेल पाया। तालाब के तहस-नहस होने का कारण उद्योगमंत्री खुद जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि हरोली में जिस तथाकथित विकास मॉडल का नाम अलापा जा रहा है, वास्तव में यह भ्रष्टाचार का मॉडल है और विधानसभा चुनावों में क्षेत्र की जनता उद्योग मंत्री को भी असली वास्तविकता दिखाएगी।