नंगल। बाल मजदूरी को रोकने के लिए वीरवार को लेबर अधिकारी हरप्रीत कौर और नायब तहसीलदार जोगिंद्र सिंह के नेतृत्व में विभिन्न व्यापारिक संस्थानों में छापामारी की गई। टीम ने जांचा कि कहीं इन व्यापारिक संस्थानों में बाल मजदूरी को बढ़ावा तो नहीं दिया जा रहा। विभाग की इस छापामारी से दुकानदारों खास कर होटल, ढाबे और मिठाई के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। नायब तहसीलदार जोगिंद्र सिंह ने कहा कि स्थानीय मेन और अड्डा मार्केट में विभिन्न दुकानों पर छापामारी की गई, लेकिन इस दौरान किसी भी दुकान पर उन्हें 18 वर्ष से कम आयु वर्ग का कर्मचारी नहीं मिला। उन्होंने कहा कि जहां छापामारी की गई, वहां के दुकानदारों द्वारा रखे कर्मचारियों की हाजिरी का कोई रजिस्टर नहीं था। उन्हें हाजिरी रजिस्टर लगाने के आदेश जारी किए। इस मौके पर डॉ. अमनदीप सिंह, सेनेटरी इंस्पेक्टर मुकेश शर्मा, मदन लाल भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।