ऊना। जिले के गांव अरनियाला और बडसाला में दो बच्चों को सांप ने डस लिया। तबीयत बिगड़ने पर दोनों को उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। जानकारी के मुताबिक पहला मामला जिला मुख्यालय के समीपवर्ती गांव अरनियाला का है, जहां तीन वर्षीय मिष्ठी बुधवार सायं अपने घर में खेल रही थी कि तभी अचानक सांप ने उसे डस लिया। परिजनों को जैसे ही पता चला तो तुरंत वह उसे ऊना अस्पताल लेकर पहुंचे। वहीं, दूसरा मामला गांव बडसाला का है, जहां रीना (12) बुधवार रात को अपने घर में काम कर रही थी कि इसी बीच उसे सांप ने डस लिया। तबीयत बिगड़ती देख परिजन उसे ऊना अस्पताल लेकर पहुंचे। सीएमओ डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि सर्पदंश पीड़ितों को अस्पताल में उपचार दिया गया है। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि सर्पदंश होने पर तुरंत चिकित्सक की मदद लें। झाड़- फूंक के चक्करों में पड़कर समय न बर्बाद करें। गौरतलब है कि जिले में सर्पदंश के मामलों में वृद्धि होने लगी है।