कुटलैहड़ में आपदा प्रबंधन की बैठक में मौजूद विधायक विवेक शर्मा।संवाद
बंगाणा (ऊना)। भारी बरसात और आपदा से तबाह हुए कुटलैहड़ क्षेत्र में पुनर्वास को लेकर विधायक विवेक शर्मा ने बड़ा ऐलान किया है। बंगाणा मुख्यालय पर आपदा प्रबंधन बैठक में उन्होंने कहा कि पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों को अगले छह माह के भीतर सुरक्षित स्थानों पर पुनर्निर्मित किया जाएगा। विधायक ने बताया कि अब तक 90 रिहायशी मकान ध्वस्त हो चुके हैं और 386 परिवारों को प्रशासन की मदद से शिफ्ट किया गया है। लगभग 200 मकान जर्जर हालत में हैं। आपदा से हुआ नुकसान 100 करोड़ रुपये से अधिक आंका जा रहा है। प्रभावित परिवारों को राहत पैकेज के तहत सहायता राशि मिलेगी। इस दौरान पूरी तरह ढहे मकानों को 7 लाख रुपये, 60 प्रतिशत से अधिक क्षतिग्रस्त मकानों को पांच लाख रुपये और रहने योग्य न रहे मकानों को तीन लाख रुपये दिए जाएंगे। विवेक शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर प्रभावित परिवार की विस्तृत रिपोर्ट तुरंत तैयार की जाए ताकि किसी के साथ अन्याय न हो और मुआवजा समय पर मिले। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बेघर परिवारों को जल्द पक्के मकान उपलब्ध कराए जाएंगे। उनका कहना था कि छह माह के भीतर हर क्षतिग्रस्त मकान का पुनर्निर्माण होगा और कोई भी परिवार बेघर नहीं रहेगा। इस ऐलान से प्रभावित परिवारों और ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है। लोगों का कहना है कि यदि तय समय में मकान बन जाते हैं तो यह उनके जीवन का सबसे बड़ा सहारा होगा। बैठक में एसडीएम सोनू गोयल, तहसीलदार अमित कुमार, बीडीओ सुशील कुमार सहित सभी विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।