अमर उजाला ब्यूरो
नंगल।
नोटबंदी का एक साल पूरा होने पर ब्लॉक कांग्रेस नंगल ने इस दिन को ब्लैक डे करार दिया है। ब्लॉक कांग्रेस ने नंगल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला फूंककर रोष प्रदर्शन किया। राजीव गांधी चौक पर कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर नोटबंदी को निंदनीय करार दिया। ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष संजय साहनी ने कहा कि नोटबंदी के फैसले को आज पूरा एक साल होने के बाद कांग्रेस ब्लैक डे मना रही है ताकि लोगों को याद आ सके कि नोटबंदी से उनको किन-किन परेशानियों से गुजरना पड़ा। संजय साहनी ने कहा कि भाजपा नेता तो नोटबंदी के दौरान लाइनों में नहीं लगे जबकि आम व्यक्ति नोटबंदी के दौरान कतारों में धक्के खाते देखे गए। नरेंद्र मोदी सरकार ने अपनी मर्जी को थोपते हुए जनता के साथ विश्वासघात किया और अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के चक्कर में देश में नोटबंदी की। महासचिव उमाकांत शर्मा ने कहा कि नोटबंदी इस सदी का सबसे बड़ा घोटाला है। इसके बाद पूरा देश सड़कों में आ गया और दिन-रात एटीएम और बैंकों के बाहर कतारों में खड़े होने को मजबूर होना पड़ा। वहीं पार्षद अनीता शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार बताए कि कितना काला धन भारत देश में लाया गया। कितने आम जनता के खातों में 15-15 लाख रुपये दिए गए। नोटबंदी से किसे फायदा पहुंचा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जनता के साथ विश्वासघात किया है। इस अवसर पर पार्षद विद्या सागर, पुरुषोत्तम, विपिन शर्मा, सुरेंद्र पम्मा, कपूर सिंह, सोमदत्त पाठक, प्यारे लाल, महेश, संदूर सिंह, अरविंद राणा, डीपी चंदेल, हरिंद्र बब्बू, विनय, हरपाल, अनिल कौशल, नरेश उपस्थित रहे।