मैहतपुर (ऊना)। स्थानीय नगर परिषद क्षेत्र के एक वार्ड में शुक्रवार रात को पालतू कुत्ते को लेकर हुई मारपीट में दो युवक गंभीर घायल हो गए। इनमें से एक युवक को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता राहुल निवासी नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा ने शिकायत दर्ज करवाई है कि चार युवकों ने उस पर तथा उसके भाई धीरज पर किसी तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि धीरज के पेट में किसी तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जबकि राहुल के सिर पर भी हमला किया गया। राहुल को जिला अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। गंभीर रूप से जख्मी धीरज को चंडीगढ़ रेफर किया गया है। मारपीट की मुख्य वजह कुछ दिनों पहले गली में अपने कुत्ते को सैर करवाते वक्त कहासुनी बताया गया है। मामूली सी बात इतनी बढ़ गई कि दोनों गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। पुलिस ने मारपीट की शिकायत पर जांच के बाद चार लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 324 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि जख्मी युवकों का मेडिकल करवाया गया है और तफतीश शुरू कर दी है।